Site icon K4 Fashion

बरसात के मौसम में त्वचा (स्किन) की देखभाल कैसे करें

हमारा देश भारत संसार का अकेला ऐसा देश है जहां पर हमें सभी मौसम देखने को मिलते हैं जैसे-सर्दी, गर्मी, बरसात, बसंत इत्यादि। मौसम चाहे कोई भी हो हर मौसम का हमारे जीवन पर और हमारी त्वचा पर बहुत असर पड़ता है। इसीलिए हर मौसम में हमें अपनी त्वचा की विशेष देखभाल की जरूरत होती है। अगर हम बात करें बरसात के मौसम की तो बरसात का मौसम गर्मी के बाद आता है। मानसून तपती गर्मी और उमस भरे दिनों से हमारे लिए राहत लेकर आता है। लेकिन क्या आपको पता है कि बरसात का मौसम जहां एक और हमें गर्मी से राहत दिलाता है वहीं दूसरी ओर यह अपने साथ कुछ समस्याएं भी लेकर आता है।

इस मौसम में हर तरफ हरियाली छा जाती है और वातावरण में नमी रहती है। यह तो हम सबको ही पता है कि नमी की वजह से अकसर चीजें खराब हो जाती है जैसे बिस्किट, नमकीन आदि। ठीक इसी तरह से हमारी त्वचा पर भी इस नमी का बुरा असर पड़ता है यदि हम समय पर अपनी त्वचा की देखभाल नहीं करेंगे तो हमें बहुत सारी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। आज मैं आपको बरसात में स्किन के लिए टिप्स बताऊंगी जिनकी सहायता से आप अपनी त्वचा की बहुत अच्छी तरह से देखभाल कर सकेंगे और उसे स्वस्थ रखेंगे।

बरसात में स्किन के लिए टिप्स जो आपकी त्वचा को खूबसूरत और हेल्थी बनाए रखने में आपकी बहुत अधिक सहायता करेंगे:-

Contents

अपनी स्किन को साफ रखें

बरसात के मौसम में क्योंकि बहुत अधिक नमी होती है जिसकी वजह से त्वचा चिपचिपी हो जाती है। इसलिए आप गुनगुने पानी से नहाएं और अपने चेहरे को भी गुनगुने पानी से साफ़ करें। इससे आपकी त्वचा पर होने वाली चिपचिपाहट दूर होकर चेहरा और शरीर साफ़ हो जाता है। ध्यान रहे कि अगर लगातार आपके चेहरे या स्किन पर नमी रहती है तो उसकी वजह से कई प्रकार के इंफेक्शन हो सकते हैं इसलिए ज़्यादा से ज़्यादा अपनी त्वचा को साफ रखें।

पानी का भरपूर प्रयोग करें

बरसात के मौसम में क्योंकि नमी होती है इसलिए आप यह मत सोचना कि इस मौसम में हमारे शरीर को पानी की आवश्यकता नहीं है। भरपूर पानी पिएं क्योंकि ऐसा करने से एक तो आपके शरीर में पानी की कमी नहीं रहेगी और दूसरा आपकी त्वचा पर ग्लो भी बना रहेगा। ध्यान रहे कि मानसून में आप साफ सुथरा और उबला हुआ पानी ही पिएं।

अपने पेट को रखिए साफ़

बरसात के मौसम में अत्यधिक तला हुआ और तेज़ मसालों वाले भोजन के प्रयोग से बचना चाहिए तथा बाहर के खाने से भी परहेज करें। क्योंकि इस तरह के खाने से आपका पेट खराब हो सकता है,जिसका असर आपकी त्वचा पर पड़ता है। आपके चेहरे पर पिंपल्स, मुंहासे हो जाते हैं और त्वचा भी कांतिहीन लगने लगती है।

कम से कम करें मेकअप

यदि आप मेकअप करने की शौकीन है तो बरसात के मौसम में इस बात का ध्यान रखें कि आप अपने चेहरे पर कम से कम मेकअप करें और यदि बहुत अधिक आवश्यकता है तो फिर आप वाटरप्रूफ मेकअप ही करें। वाटर प्रूफ मेकअप की खासियत यह होती है कि बरसात की फुहार से यह मेकअप खराब नहीं होता है।

अपनी त्वचा को सूखा रखें

बरसात के मौसम में नमी की वजह से पसीना बहुत अधिक आता है इसलिए आप अपने फेस को हमेशा पसीना आने पर टिशु पेपर से साफ़ करें। इसके अलावा आप अपनी त्वचा पर टेलकम पाउडर लगाकर उसको सूखा रख सकते हैं।

हाथ-पैरों का भी रखे पूरा ध्यान

बरसात में स्किन के लिए टिप्स सिर्फ हमारे फेस के लिए नहीं होती बल्कि हमारे पूरे शरीर के लिए होती है। हाथ पैरों का भी हमें विशेष ख्याल रखना चाहिए। पैरों में नमी आने पर उनमें फंगल इंफेक्शन होने का खतरा बना रहता है ऐसे में आप कोई उत्तम क्वालिटी का टेलकम पाउडर लेकर उसे अपने पैरों और उंगलियों के बीच में लगाकर उन्हें नमी से बचा सकते हैं। टेलकम पाउडर लगाने से उंगलियों के बीच पसीना नहीं आएगा जिसकी वजह से इन्फेक्शन होता है। इसके साथ-साथ आप अपने हाथों का भी ध्यान रखें। काम करने से यदि हाथ बहुत ज्यादा रूखे और बेजान हो गए हैं तो उन पर मॉइश्चराइजर लगाएं।

आंखों का रखें विशेष खयाल

आंखें हमारे शरीर का बहुत ही महत्वपूर्ण हिस्सा है और बरसात के मौसम में आंखों का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता होती है। बरसात का मौसम सर्द-गर्म होता है जिसके कारण आंखें संक्रमण का शिकार आसानी से हो जाती हैं। कंजक्टिवाइटिस इंफेक्शन इस मौसम में बहुत तेज़ी के साथ फैलता है क्योंकि यह एक छूत की बीमारी होती है जो एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक आसानी से पहुंच जाती है। ऐसे में आप ऐसे व्यक्तियों से दूर रहे हैं जिनको यह आंखों का संक्रमण हो गया है , उनसे ना तो हाथ मिलाएं और ना ही उनका इस्तेमाल किया हुआ तौलिया या रुमाल इस्तेमाल करें। यदि आपको यह इंफेक्शन हो गया है तो आप डॉक्टर से उचित सलाह लें और अपनी आंखों पर बर्फ की सिकाई करें। भीड़-भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचे और यदि आपको बाहर जाना हो तो काला चश्मा लगाकर बाहर जाएं इससे आपकी आंखों में धूल मिट्टी आदि नहीं जाएगी।

उत्तम क्वालिटी का सनस्क्रीन लोशन लगाएं

बरसात के मौसम में नमी की वजह से त्वचा बहुत ज्यादा बेजान होने लगती है तथा उस पर झुर्रियां भी पड़ जाती हैं। इसलिए आप इस बात का ध्यान रखें कि आप जब भी बाहर जाए तो सनस्क्रीन लोशन अपने चेहरे, गर्दन, हाथों आदि पर जरूर लगाएं। कुछ लोग यह सोचते हैं कि इस मौसम में हमें सनस्क्रीन लोशन की जरूरत नहीं है तो उनका ऐसा सोचना गलत है क्योंकि अगर आप सनस्क्रीन लोशन लगाएंगे तो आपकी त्वचा पर नमी असर नहीं करेगी। इसके लिए आप कोई भी अच्छा सा वाटरप्रूफ सनस्क्रीन लोशन प्रयोग कर सकते हैं। इस बात का ध्यान भी रहे थे आप अपने स्किन के अनुसार ही सन प्रोटेक्शन लें। इसके अलावा ज़्यादा से ज़्यादा खुद को सूखा रखने की कोशिश करें क्योंकि संक्रमण वहीं फैलता है जहां पर नमी होती है।

नहाते समय करें गुलाब जल या नींबू का प्रयोग

बरसात में स्किन के लिए टिप्स की यह सबसे अच्छी टिप है जिसकी सहायता से आप खुद को ताज़ा और हेल्दी महसूस करेंगे। इसके लिए आपको यह करना है कि जब भी आप नहाने जाएं तो अपने नहाने के पानी में थोड़ा सा रोजवॉटर या नींबू का रस शामिल कर लें और फिर इस पानी से नहाएं। इस तरह से स्नान करने से आपके शरीर में इंसटेंट ताज़गी महसूस होगी और सारा दिन आप फ्रेश भी रहेंगे।

अपने बालों का भी रखें ध्यान

मानसून के मौसम में रोजवॉटर और नींबू के रस को पानी में मिलाकर उससे अपने बालों को धोएं। इस तरह बाल धोने से उनसे आने वाले पसीने की दुर्गंध से छुटकारा मिलता है। अपने बालों को खुला न रखें और अपनी त्वचा से भी दूर रखें क्योंकि जितने बाल त्वचा से चिपके रहते हैं उतने ही अधिक टूटने लगते हैं।

सूती कपड़ों का करें चयन

यदि आप रेशमी कपड़े पहनने के शौकीन हैं तो मानसून में ऐसे कपड़ों के प्रयोग से बचें। क्योंकि सिंथेटिक कपड़ों में हवा पास नहीं होती जिसकी वजह से पसीना अधिक आने लगता है और स्किन पर लाल चकते, एलर्जी, खुजली आदि जैसी समस्याएं उत्पन्न हो जाती हैं। सूती कपड़ा ठंडा और हल्का होता है और इसमें से हवा भी आसानी से आर-पार हो जाती है। इसलिए आप ऐसे कपड़ों का चयन करें जो आपके शरीर को किसी भी तरह का नुकसान ना पहुंचाए।

घरेलू मास्क

बरसात के लिए स्किन के लिए टिप्स में अब ‌हम यह जानेंगे कि कैसे घरेलू मास्क हमारे चेहरे को सुंदर बनाए रखने में हमारी मदद करते हैं। इसके लिए हमें किसी भी तरह का कोई बाहर से सामान नहीं खरीदना है बल्कि हम अपने किचन से ही कुछ चीजें लेकर अपनी त्वचा की देखभाल कर सकते हैं।

ड्राई स्किन के लिए मास्क

यदि आपकी स्किन ड्राई है तो आप इस पर कोई ऐसा फेस पैक लगाएं जो इसको गहराई से पोषण दें और रूखापन भी दूर करें। इसके लिए आप बनाना और हनी का फेस पैक बनाकर इस्तेमाल कर सकते हैं। यह आपकी स्किन को पोषण देने के साथ-साथ स्किन को स्मूथ और सॉफ्ट भी बनाए रखेगा।

कैसे बनाएं फेस पैक :

आधा केला लेकर उसको मैश कर लें और फिर इसमें एक चम्मच के आसपास शहद मिलाकर एक पेस्ट बना लें। अब इसको अपने हाथों की सहायता से या फिर किसी ब्रश की हेल्प से अपने सारे चेहरे पर लगा ले और सूखने के लिए छोड़ दें। जब यह सूख जाए तो आप ताजे पानी से अपना चेहरा धो लें। आप अपने चेहरे पर फौरन ही फर्क महसूस करेंगे। यदि आप इस फेस पैक को रेगुलर इस्तेमाल करेंगे तो कुछ ही दिनों में आपका फेस सॉफ्ट, स्मूथ और ग्लोइंग बन जाएगा। इसको आप सप्ताह में तीन बार कर सकते हैं।

ऑयली स्किन के लिए मास्क

यदि आपकी ऑइली स्किन है और आपके चेहरे पर बार-बार ऑयल आता है तो आपको अपने फेस पर अधिक से अधिक मुलतानी मिट्टी का प्रयोग करना चाहिए। मुलतानी मिट्टी न केवल आपके चेहरे पर आने वाले तेल को कंट्रोल करती है बल्कि आपके फेस को साफ़ और एक्नेफ्री भी बनाती है।

कैसे बनाएं फेस पैक:

दो चम्मच मुलतानी मिट्टी पाउडर में पेस्ट बनाने के लिए गुलाब जल डालें और उसे अच्छी तरह मिला लें। अब इस फेस पैक को आप अपने चेहरे पर अच्छी तरह से लगा ले और 15:20 मिनट तक के लिए ऐसे ही छोड़ दें। ध्यान रहे कि जब यह पैक आपके फेस पर हो तो आप बिल्कुल भी ना बोले ना हंसे और अपनी आंखों के आसपास भी इसको ना लगाएं। जब यह पैक सूख जाए तो इसे धो लें और अपनी स्किन के हिसाब से अच्छा सा मॉइश्चराइजर लगा लें।‌ इस फेस मास्क को आप हफ़्ते में तीन चार बार तो ज़रूर इस्तेमाल करें।

नॉर्मल स्किन के लिए फेस मास्क

नॉरमल स्किन वाले अपनी त्वचा पर बेसन और हल्दी का प्रयोग करके उसको खूबसूरत और चमकीला बना सकते हैं।
कैसे बनाएं फेस पैक: एक बड़ा चम्मच बेसन लेकर उसमें एक चुटकी हल्दी मिलाकर उसे अच्छी तरह से मिक्स कर ले। अब इसमें थोड़ा-थोड़ा गुलाब जल मिलाते हुए इसका एक स्मूथ सा पेस्ट बना लें। अब थोड़ी देर के लिए इसे ऐसे ही छोड़ दें ताकि बेसन अच्छी तरह से फूल जाए। अब इस फेस पैक को आप अपने चेहरे और गर्दन पर लगाएं और सूखने पर साफ़ पानी से अपना चेहरा धो लें। इस फेस पैक को आप रेगुलर यूज करेंगे तो आपके चेहरे पर अगर दाग धब्बे भी होंगे तो वह भी दूर होकर आपका चेहरा खूबसूरत और सॉफ्ट बनेगा।

पिंपल्स और मुहासों के लिए फेस मास्क

यदि बरसात में बहुत ज़्यादा नमी की वजह से आपके चेहरे पर पिंपल्स हो गए हैं तो इसके लिए आप बेसन और मुल्तानी मिट्टी का प्रयोग करें।

कैसे बनाएं फेस पैक:

एक चम्मच मुल्तानी मिट्टी में एक चम्मच बेसन मिलाएं और इसमें फिर पानी या रोजवॉटर मिलाकर पेस्ट बना । अब इसको अपने फेस पर लगाएं और 20 मिनट के लिए छोड़ दें। 20 मिनट बाद रगड़ते हुए अपना चेहरा पानी से धो लें। यह फेस पेक जब आप रेगुलर यूज करेंगे तो आपके चेहरे से ऑयल कंट्रोल होगा और पिंपल्स , दाने वगैरह भी खत्म हो जाएंगे।

तो दोस्तों यह थीं बरसात के मौसम के लिए टिप्स। मुझे उम्मीद है कि आपको यह पसंद आया होगा और आपके लिए अगर यह थोड़ा भी हेल्पफुल रहा हो तो प्लीज इसको अपने दोस्तों के साथ शेयर करना ना भूले। साथ ही कमेंट करके यह भी बताइए कि बरसात के दिनों में आप अपनी स्किन की देखभाल कैसे करते हैं।

 

Exit mobile version