मुल्तानी मिट्टी का प्रयोग प्राचीन समय से ही ख़ूबसूरत त्वचा पाने के लिए किया जाता रहा है। यदि नियमित रूप से मुल्तानी मिट्टी का प्रयोग त्वचा पर किया जाए तो इसके फ़ायदे बेमिसाल मिलते हैं। आमतौर पर बहुत से लोगों को यह भी कहते हुए सुना गया है कि मुल्तानी मिट्टी से उनकी त्वचा पर ऐसा कोई ख़ास फर्क नहीं पड़ा बल्कि नुकसान हो गया। इसका कारण यह है कि उन्हें मुल्तानी मिट्टी का प्रयोग ठीक प्रकार से करना नहीं आता। इस बात का हमेशा ध्यान रखें कि मुल्तानी मिट्टी को यदि आप ठीक प्रकार से प्रयोग करना जानते हैं और सही तरह से अपनी त्वचा पर इसका प्रयोग करेंगे तो ही आपको इसके लाभ मिल सकेंगे। आपकी त्वचा चाहे ड्राई हो, ऑयली हो, नॉर्मल हो या फिर मुहांसों वाली हो, यह सभी प्रकार की त्वचा के लिए लाभदायक है।
आज इस लेख के ज़रिए हम आपको बताएंगे कि आप कैसे मुल्तानी मिट्टी को अपनी त्वचा को ख़ूबसूरत और सुंदर बनाने के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर आप हमारे बताए गए तरीकों द्वारा इसका इस्तेमाल करेंगे तो आप आश्चर्यजनक रूप से अपनी स्किन पर ख़ूबसूरती झलकते हुए देखेंगे।
Contents
त्वचा पर चमक के लिए
मुल्तानी मिट्टी एक नेचुरल क्लींजर की तरह काम करती है जिसको जब आप प्रतिदिन अपने चेहरे पर यूज़ करते हैं तो चेहरे से सारी धूल मिट्टी हटाकर त्वचा को ग्लोइंग बनाती है। दो चम्मच मुल्तानी मिट्टी लेकर उसमें एक चम्मच दही अच्छी तरह से मिला लें। अब इसमें कुछ बूंदे नींबू की डालकर अच्छी तरह से मिक्स कर लें। अब इस पेस्ट को अपने सारे चेहरे पर लगाएं। जब यह सूख जाए तो ठंडे पानी से इसे धो कर हटा लें। सप्ताह में तीन बार इस फेस पैक का प्रयोग करने से बेजान त्वचा में जान आती है और वह चमकने लगती है।
गोरा रंग करने के लिए
गोरा रंग पाने की तमन्ना आज हर इंसान के मन में होती है। इसके लिए वह बहुत सी महंगी क्रीमें वगैरह भी प्रयोग करते हैं। लेकिन मुल्तानी मिट्टी एक बहुत ही सस्ता और बेस्ट तरीका है रंग को निखारने के लिए। एक छोटे साइज का आलू लेकर उसको कद्दूकस कर लें। इसका जूस निकाल कर रख लें। एक साफ़ शीशे की कटोरी लेकर उसमें दो चम्मच मुल्तानी मिट्टी के डालें। अब इसमें आलू का रस डालते हुए इसको मिलाएं। अब यह पेस्ट अपने सारे चेहरे और गले पर लगाएं। इस फेस पैक को कम से कम 20-25 मिनट के लिए अपने चेहरे पर लगा रहने दें। अब साफ़ पानी से अपना चेहरा धोकर सुखा लें और कोई अच्छा सा मॉइस्चराइजर अपने चेहरे पर लगाएं। इस पैक को आपने हफ्ते में दो बार इस्तेमाल करना है। अगर आपके चेहरे पर कालापन है या पिगमेंटेशन के निशान है तो यह उसको भी दूर करके चेहरे को साफ़ करके रंग गोरा करेगा।
मुहांसे के निशान दूर करने के लिए
चेहरे पर एक भी अगर धब्बा हो तो इंसान की सुंदरता को ख़राब कर देता है। हर इंसान चाहता है कि उसका चेहरा बिना दाग-धब्बे वाला हो। लेकिन मुहांसों के दाग़ बहुत जिद्दी होते हैं जो आसानी से दूर नहीं होते। यदि आप भी इस समस्या से जूझ रहे हैं तो मुल्तानी मिट्टी के द्वारा आप इन निशानों को दूर कर सकते हैं। दो चम्मच मुल्तानी मिट्टी पाउडर लेकर उसमें गुलाब जल डाल कर उसका पेस्ट बना लें। अब इसमें आधा चम्मच नीबू का रस निचोड़ दें। इस बात का ध्यान रहे कि यदि आपके चेहरे पर मुहांसे हो रहे हैं तो इसमें फिर नींबू का रस न डालें। अब इसमें एक चम्मच नीम का पाउडर डालकर मिला लें। नीम का पाउडर आपके चेहरे पर हो रहे मुहांसों को ठीक करने में आपकी सहायता करेगा। इस पैक को अब थोड़ी देर के लिए रख दें। अब आप इसे अपने चेहरे पर लगा सकते हैं। इसको चेहरे पर 15:20 मिनट तक लगा रहने दें और फिर ठंडे पानी से धो लें। इस उपाय को आप हफ्ते में कम से कम तीन चार बार अवश्य करें। आपके चेहरे के सभी दाग धब्बों को हटाकर उसे साफ़ और सुंदर बना देगी।
त्वचा पर कसाव लाने के लिए
बढ़ती उम्र के कारण त्वचा में झुर्रियां आदि पड़ जाती है इसके साथ-साथ त्वचा में कसावट भी नहीं रहती। ढीली पड़ी हुई त्वचा देखने में बहुत बुरी लगती है और इंसान की सारी सुंदरता को नष्ट कर देती है। परंतु यदि आप प्रतिदिन मुल्तानी मिट्टी को अपने चेहरे पर प्रयोग करें तो यह आपके चेहरे की त्वचा में कसाव लाती है। एक अंडे की सफेदी लेकर उसमें मुल्तानी मिट्टी डालते हुए उसका पेस्ट बना लें। अब इसको अपने चेहरे पर अच्छी तरह से लगाएं। जब यह फेस पैक आपके चेहरे पर हो तो उस समय आपको बोलने और हंसने से खुद को रोकना होगा। इसको कम से कम आधा घंटे के लिए अपने चेहरे पर लगा रहने दें। जब यह पूरी तरह से सूख जाए तो हल्के हाथों से अपने चेहरे पर मसाज करते हुए इसे ठंडे पानी से धो लें। अब अपनी स्किन के अनुसार कोई भी मॉइश्चराइजर अपने चेहरे पर लगा लें। आपकी स्किन बहुत ज़्यादा ढीली हो रही है तो बेहतर रिजल्ट के लिए आपको इसे हर रोज़ यूज करना होगा। जब आपकी त्वचा में कसावट आने लगे तो फ़िर आप इसको हफ्ते में 2 दिन लगाएं।
त्वचा को मुलायम बनाने के लिए
मुल्तानी मिट्टी ऐसे लोगों के लिए बहुत अधिक उपयोगी है जिनकी त्वचा खुरदरी और डल हो चुकी है। इसके लिए आप दो चम्मच मुल्तानी मिट्टी लेकर उसको बादाम के तेल में मिलाकर पैक बना लें। बादाम के तेल की जगह आप ऑलिव ऑयल या नारियल का तेल भी इस्तेमाल कर सकते हैं। अब इसमें एक कैप्सूल विटामिन ई ऑयल का लेकर डालकर अच्छी तरह से मिला लें। अब इस फेस मास्क को अपने सारे चेहरे और गर्दन पर लगा लें और सूखने के लिए छोड़ दें। जब यह सूख जाए तो फिर अपना चेहरा साफ़ ठंडे पानी से धो लें।
मुल्तानी मिट्टी त्वचा पर लगाते समय इन बातों का रखें ख्याल
- मुल्तानी मिट्टी लगाकर कभी भी बात नहीं करनी चाहिए।
- अपनी आंखों के आसपास इसका प्रयोग न करें।
- जिनकी त्वचा ड्राई है वह इसमें शहद या एलोवेरा जेल मिलाकर प्रयोग करें।
- इसको हमेशा बारीक पाउडर पीसकर फिर पानी और गुलाब जल में मिलाकर ही प्रयोग करना चाहिए।
फ्रेंड्स यह था हमारा आज का लेख। हमें पूरी आशा है कि आप के लिए यह ज़रूर हेल्पफुल रहेगा। यदि आपको मुल्तानी मिट्टी की कोई और रेसिपी पता है तो कृपया करके हमसे शेयर करें। इस आर्टिकल के बारे में आपकी क्या राय है वो भी आप हमें कमेंट करके बताएं।
